नई दिल्ली. आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल बुधवार को लाली से मिलने उसके घर पहुंचे। लाली वही शख्स है जिसने मंगलवार को दिल्ली के सुल्तानपुरी में रोड शो के दौरान केजरीवाल को थप्पड़ मारा था। लाली ने माफी मांगते हुए कहा कि मेरे लिए केजरीवाल तो भगवान हैं। लाली ने रोते हुए केजरीवाल के आगे हाथ जोड़ लिए (देखें तस्वीरें)।
सुल्तानपुरी के किराड़ी में रहने वाले ऑटो ड्राईवर लाली की पत्नी ने
केजरीवाल से पति को माफ करने की अपील की है। केजरीवाल लाली के घर के अलावा जामिया नगर
भी गए। यहां केजरीवाल उस मुस्लिम युवक से मिले जिसने मुजफ्फरनगर दंगों पर
उनके रुख से नाराज होकर उन्हें घूंसा मारा था। केजरीवाल के इस कदम को
विरोधी पार्टियों ने सुर्खियों में बने रहने का हथकंडा करार दिया है। भाजपा
नेता विजय कुमार मल्होत्रा ने तो कह दिया कि केजरीवाल थप्पड़ और स्याही साथ लेकर चलते हैं।
क्या है मामला?
केजरीवाल मंगलवार को उत्तर-पश्चिमी दिल्ली से पार्टी प्रत्याशी राखी बिड़लान के लिए सुल्तानपुरी इलाके में रोड शो कर
रहे थे। इसी दौरान ही एक शख्स ने पहले उन्हें माला पहनाई और दो जोरदार
थप्पड़ मारे। इस शख्स को 'आप' समर्थकों ने पकड़ लिया और उसकी पिटाई की
हालांकि, बाद में पुलिस ने इस शख्स को हिरासत में ले लिया। इस शख्स की
पहचान किराड़ी के अमन विहार में रहने वाले लाली के रूप में हुई। लाली ऑटो
चालक है। वह केजरीवाल से इस बात को लेकर नाराज था कि उन्होंने अपने वादों
को पूरा नहीं किया।



0 comments:
Post a Comment