नई दिल्ली। दिल्ली में पहले ही चुनाव में शीला दीक्षित को हराने और शानदार प्रदर्शन करने वाले अरविंद केजरीवाल को दूसरे चुनाव में लगातार थप्पड़ मारे जा रहे हैं। मंगलवार को रोड शो के दौरान उन्हें एक बार फिर एक शख्स ने थप्पड़ मार दिया। इस शख्स की पहचान अमन विहार निवासी लाली के रूप में हुई है। वह ऑटो चालक बताया जाता है। उसने पहले केजरीवाल को माला पहनाई और फिर थप्पड़ जड़ दिया। इस हमले के बाद केजरीवाल ने कई ट्वीट कर खुद पर हो रहे हमलों पर सवाल उठाए। इसके बाद केजरीवाल, मनीष सिसोदिया और कई समर्थकों के साथ राजघाट गए और वहां मौन मुद्रा में धरने पर बैठ गए।
केजरीवाल सुल्तानपुरी इलाके में पार्टी प्रत्याशी राखी बिड़लान के लिए रोड शो कर रहे थे। उत्तर-पश्चिमी दिल्ली से प्रत्याशी राखी को जिताने की अपील के दौरान ही एक शख्स ने उन्हें थप्पड़ मारा। इस शख्स को आप समर्थकों ने पकड़ लिया और उसकी जबरन पिटाई कर डाली। हालांकि पुलिस ने समय रहते इस शख्स को हिरासत में ले लिया। कुछ दिन पहलेदक्षिणपुरी इलाके में भी अरविंद केजरीवाल को आप कार्यकर्ता ने ही घूंसा मार दिया था। 4 अप्रैल की इस घटना के पीछे केजरीवाल ने भाजपा को जिम्मेदार बताया था। लेकिन, थप्पड़ मारने वाला शख्स आप का कार्यकर्ता निकला।




0 comments:
Post a Comment